Friday, April 10, 2026
Home Breaking महतारी वंदन योजना में मुफ्त e-KYC के नाम पर वसूली, मिशन रोड...

महतारी वंदन योजना में मुफ्त e-KYC के नाम पर वसूली, मिशन रोड के चॉइस सेंटर पर उठे सवाल

11

The Duniyadari: कोरबा में महतारी वंदन योजना के तहत नि:शुल्क e-KYC प्रक्रिया के बावजूद महिलाओं से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। शहर के वार्ड नंबर 01 मिशन रोड स्थित एक चॉइस सेंटर में महिलाओं से 50 रुपये लिए जाने की शिकायत ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि संबंधित चॉइस सेंटर (CSC ID 618353390012) में e-KYC कराने पहुंचने वाली महिलाओं से निर्धारित नियमों के विपरीत शुल्क लिया जा रहा है। जबकि योजना के तहत सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि e-KYC की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क होगी। इसके बावजूद संचालक द्वारा खुलेआम पैसे लेने का आरोप लगाया गया है।

मामले से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें महिलाओं से पैसे लिए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि निजी परिसर में संचालित इस केंद्र में जरूरतमंद महिलाओं को मजबूरी में राशि चुकानी पड़ रही है। इससे योजना के क्रियान्वयन और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

सरकार की स्पष्ट गाइडलाइन के बावजूद इस तरह की वसूली होना निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो अन्य केंद्रों पर भी इसी तरह की अनियमितताएं बढ़ सकती हैं।

यह मामला सिर्फ अवैध वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के अधिकारों से भी जुड़ा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच करता है या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में चला जाता है।