The Duniyadari: गरियाबंद। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना के तहत जिले में लाभार्थियों का ई-केवाईसी अभियान 3 अप्रैल 2026 से शुरू किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह प्रक्रिया ग्राम पंचायत भवनों में तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में पूरी की जाएगी। ई-केवाईसी पूर्ण होने के बाद ही हितग्राहियों को आगामी किस्तों का भुगतान नियमित रूप से किया जाएगा, इसलिए सभी लाभार्थियों के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी के दौरान योजना में दर्ज नाम और आधार कार्ड में अंकित नाम का पूरी तरह समान होना आवश्यक है। नाम में मामूली त्रुटि होने पर भी सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में लाभार्थियों को पहले अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर नाम का मिलान करने की सलाह दी गई है। यदि किसी प्रकार की गलती पाई जाती है, तो लाभार्थियों को जल्द से जल्द महिला एवं बाल विकास विभाग में आवेदन देकर नाम संशोधन करवाना होगा।
जिले में यह अभियान 3 अप्रैल से 30 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान लगभग 1 लाख 65 हजार हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाएगा। कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए वीएलई, सीएससी ऑपरेटरों और विभागीय पर्यवेक्षकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सत्यापन प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गरियाबंद ब्लॉक से होगी, जहां 6 अप्रैल को जनपद पंचायत सभाकक्ष में लगभग 62 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 7 अप्रैल को छुरा में 72, 8 अप्रैल को फिंगेश्वर में 71, 9 अप्रैल को मैनपुर में करीब 72 तथा 10 अप्रैल को देवभोग जनपद में 54 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विभाग ने सभी हितग्राहियों से निर्धारित अवधि के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ बिना किसी बाधा के नियमित रूप से मिलता रहे।















