Tuesday, March 3, 2026
Home कोरबा महानदी कॉम्प्लेक्स व्यापारी संघ की शिकायत के बाद भी नगर निगम खामोश,...

महानदी कॉम्प्लेक्स व्यापारी संघ की शिकायत के बाद भी नगर निगम खामोश, ठेले वालों पर नहीं हुई कोई कार्रवाई

4

The Duniyadari: कोरबा। शहर के निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के सामने ठेले संचालकों की मनमानी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में महानदी कॉम्प्लेक्स व्यापारी संघ ने नगर निगम को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

व्यापारी संघ द्वारा 08 जनवरी 2026 को नगर निगम कोरबा को दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि ठेले व्यवसायी कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों के सामने ठेले लगाते हैं। जब दुकानदार आपत्ति जताते हैं या अपनी दुकान के सामने वाहन खड़ा करते हैं, तो ठेले वाले न केवल रास्ता अवरुद्ध करते हैं, बल्कि गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी करते हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख है कि 02 जनवरी 2026 को एक घटना में ठेले संचालक द्वारा दुकान के सामने बदसलूकी और धमकी देने की बात सामने आई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है। व्यापारी संघ का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे व्यापारिक माहौल प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को भी असुविधा उठानी पड़ रही है।

इसके साथ ही ठेले संचालकों पर परिसर में गंदगी फैलाने का भी आरोप है। दुकानों के सामने कचरा इकट्ठा कर छोड़ दिया जाता है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। व्यापारी संघ ने पत्र में स्पष्ट रूप से परिसर से ठेलों को हटाने और उचित कार्रवाई की मांग की थी।

हालांकि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक नगर निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी यदि प्रशासन कदम नहीं उठाता, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

व्यापारी संघ ने निगम प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटाने, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने और परिसर में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है।