महानदी नल जल योजना के ठेकेदार की संदिग्ध मौत, फिल्टर प्लांट में मिला शव

5

The Duniyadari : बलौदाबाजार। जिले के नगर पंचायत पलारी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महानदी नल जल योजना से जुड़े एक ठेकेदार का शव फिल्टर प्लांट परिसर में बरामद हुआ। रोहंसी रोड स्थित फिल्टर प्लांट की ऊपरी मंजिल पर ठेकेदार का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। माथे पर हल्की चोट के निशान और खून के धब्बे देखे गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। उस वक्त ठेकेदार कार्यस्थल पर अकेला मौजूद था, जबकि अन्य मजदूर महानदी–अमेठी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला।

स्थिति संदिग्ध लगने पर विभागीय अधिकारियों ने एक कर्मचारी को फिल्टर प्लांट भेजा। जब कर्मचारी ऊपरी मंजिल पर पहुंचा तो वहां ठेकेदार का शव जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत थाना पलारी पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में कमरे की स्थिति सामान्य पाई गई है और फिलहाल कोई स्पष्ट संदिग्ध वस्तु सामने नहीं आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।