Wednesday, March 18, 2026
Home कोरबा महापौर की सख्ती: विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता...

महापौर की सख्ती: विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं

26

The Duniyadari : कोरबा, 30 जनवरी 2026। नगर निगम कोरबा में आज महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की मौजूदगी में अधिकारियों और अभियंताओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में शहर के विकास कार्यों की प्रगति, साफ-सफाई व्यवस्था, उद्यानों की स्थिति, सड़क रोशनी, पेयजल आपूर्ति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा हुई।

महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्डों और बस्तियों में चल रहे सभी विकास कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्यों में और अधिक कसावट लाई जाए। कचरे का उठाव और परिवहन तुरंत हो, कहीं भी कचरा जमा न रहे। एसएलआरएम सेंटरों की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

उद्यानों और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार के निर्देश

महापौर ने नगर निगम क्षेत्र के उद्यानों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए नियमित निरीक्षण, साफ-सफाई, ओपन जिम और बच्चों के खेल उपकरणों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यानों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गार्डनिंग और पाथवे सुधार पर भी ध्यान देने को कहा।

पेयजल और सड़क रोशनी व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश

बैठक में पेयजल की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सड़क रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त, अधीक्षण अभियंता, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।