The Duniyadari: छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के बीच एक बड़ी सफलता सामने आई है। बरगढ़–बलांगीर–महासमुंद (बीबीएम) डिवीजन से जुड़े 15 माओवादियों ने शनिवार को महासमुंद जिले में हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। यह कार्यक्रम ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्र में चलाए जा रहे “पूना मारगेम पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के तहत आयोजित किया गया।
उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति पर भरोसा जताना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि इस कदम के साथ ओडिशा राज्य कमेटी के पश्चिमी सब-जोन यानी बीबीएम डिवीजन की गतिविधियां पूरी तरह समाप्त हो गई हैं। रायपुर पुलिस रेंज और ओडिशा के संबलपुर रेंज के नक्सल प्रभाव से मुक्त होने से क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में मार्ग प्रशस्त होगा।
आकाशवाणी के जरिए की गई थी अपील
जानकारी के अनुसार, संबंधित डिवीजन की ओर से पहले शासन को पत्र भेजकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई गई थी। इसके बाद गृह मंत्री ने उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का भरोसा देते हुए आकाशवाणी के माध्यम से संदेश प्रसारित किया और 3 मार्च तक सरेंडर करने की अपील की। इसी पहल के बाद 15 सदस्यों ने हथियार डाल दिए।
गृह मंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा तय समयसीमा के भीतर राज्य में नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बनाई गई पुनर्वास नीति के कारण यह सामूहिक आत्मसमर्पण संभव हो पाया है।
25 लाख का इनामी भी शामिल
आत्मसमर्पण करने वालों में वारंगल निवासी विकास उर्फ सुदर्शन उर्फ जंगू उर्फ बाबन्ना उर्फ राजन्ना प्रमुख है, जो ओडिशा राज्य कमेटी का स्टेट कमेटी मेंबर और बीबीएम डिवीजन प्रभारी था। उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई वर्षों से संगठन में सक्रिय था।
कुल 15 माओवादियों में 9 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं। उन्होंने 3 एके-47, 2 एसएलआर, 2 इंसास, 4 .303 राइफल और 3 बारह बोर सहित कुल 14 आधुनिक हथियार सुरक्षा बलों को सौंपे हैं।
सरकार के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों को निर्धारित आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण और सम्मानजनक पुनर्स्थापन की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि वे समाज में सामान्य जीवन की नई शुरुआत कर सकें।
































