The Duniyadari: कोरबा- कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापक डाॅ सीमा सोनी के संपादन में प्रकाशित दो पुस्तकों का सोमवार को प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर द्वारा विमोचन किया गया।
डाॅ सोनी ने अपनी इन पुस्तकों में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं उनके आर्थिक व सामाजिक विकास में स्व सहायता समूहों और नाबार्ड (कृषि और ग्रामीण विकास के लिए राष्ट्रीय बैंक) की भूमिका को चिन्हित किया गया है। डाॅ बोपापुरकर ने कहा कि इन पुस्तकों में लेखक द्वारा अपने शिक्षकीय अनुभवों का योगदान देते हुए संग्रहित अध्याय छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विशेषकर महिला वर्ग के लिए निश्चित तौर पर मार्गदर्शक और लाभकर साबित होंगे।
महाविद्यालय में वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ सीमा सोनी द्वारा संपादित पुस्तकों में सशक्तिकरण के सूत्रधार: स्व सहायता समूहों की भूमिका और दूसरा महिलाओं के विकास की दिशा, स्वयं सहायता समूहों से समाधान (नाबार्ड की भूमिका) शामिल हैं। इस विषय पर सामाजिक और व्यावहारिक चिंतन करते हुए लिखे गए अध्यायों में डॉ सोनी के ज्ञानवर्धक लेख शामिल हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य शुभकामनाएं प्रदान की। उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत में निरंतर नवीन ज्ञान की खोज और नए विचारों की अभिव्यक्ति एक सतत प्रक्रिया है। इस पुस्तक में एक शिक्षाविद की भूमिका में उनके अनुभवों का निचोड़ विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
पुस्तक की संपादक एवं सहायक प्राध्यापक डॉ सीमा सोनी ने कहा कि उन्होंने महिलाओं के संदर्भ में सामाजिक चुनौतियों, मानसिक व आर्थिक कठिनाइयों का समाधान ढूंढने का प्रयास करते हुए स्व सहायता समूह की महिलाओं की विभिन्न गतिविधियों पर केंद्रित तथ्य जुटाए हैं, जो निश्चित रूप से समाज के विकास में पथ-प्रदर्शक की भूमिका निभाएंगे।















