मासूमों की गवाही से खुला राज: पत्नी ने पति को जहर देकर उतारा मौत के घाट

18

The Duniyadari : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दर्री थाना क्षेत्र की लाटा बस्ती में एक महिला ने अपने ही पति की जहर देकर हत्या कर दी और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। लेकिन उसके बच्चों की सच्चाई भरी गवाही ने पूरी साजिश पर से पर्दा हटा दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने पति को जहर देने के बाद इलाज का बहाना बनाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन मृतक के बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मां को पिता को जहर देते हुए देखा है। बच्चों के इस बयान के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल से ही महिला को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि उसका किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध था और इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस अब महिला के प्रेमी की तलाश में जुट गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम रायगढ़ रवाना की गई है।

इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और बच्चों के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।