The Duniyadari: Raipur- राजधानी के बीरगांव रावाभाठा वार्ड-13 में मितानिन पुष्पा साहू के घर से देशी बम बनाने का सामान मिलने से हड़कंप मच गया। रायपुर पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह वार्ड पार्षद अश्विनी यादव ने सूचना दी कि विनय देवांगन नाम का व्यक्ति मितानिन के घर एक बैग छोड़कर गया है, जिसमें संदिग्ध वस्तु है।
सूचना पर वरिष्ठ अफसर, डॉग स्क्वॉड, BDS और FSL की टीम मौके पर पहुंची। जांच में बैग से कम मात्रा में लो एक्सप्लोसिव यानी पटाखा बनाने वाला बारूद मिला। साथ ही कांच की शीशियां, तार और पिस्टल जैसा सामान भी बरामद हुआ। पुलिस ने इलाका घेरकर जांच शुरू कर दी है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पता चला कि आरोपी विनय देवांगन बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन का साला है। महापौर ने मीडिया को बताया कि विवाद के बाद विनय ने उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी थी। धमकी के बाद ही यह सामान मितानिन के घर रखा गया। घटना के खुलासे के बाद से विनय फरार है।
मितानिन पुष्पा साहू के मुताबिक विनय परिचित ठेकेदार है। वह बैग रखकर बाद में ले जाने की बात कहकर चला गया था। सुबह झाड़ू-पोछा करते समय बैग भारी लगा। खोलने पर अंदर शीशियां, तार और पाउडर दिखा। इसके बाद उन्होंने पार्षद को बताया और पार्षद ने खमतराई पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने संदिग्ध सामग्री जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है। फरार आरोपी की तलाश में टीमें लगी हैं।















