The Duniyadari: बिलासपुर संभाग के लिए गर्व की खबर है। मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौरा की सुप्रिया ठाकुर का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है। उन्होंने SSC (W) Tech-66 एंट्री के जरिए यह उपलब्धि हासिल की और बेंगलुरु स्थित चयन बोर्ड से रिकमेंडेशन प्राप्त किया। इलेक्ट्रॉनिक्स श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल कर सुप्रिया ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
शिक्षा और तैयारी की मजबूत नींव
सुप्रिया ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंड्री स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। एनसीसी का ‘C’ सर्टिफिकेट मिलने के दौरान उन्हें सेना के कामकाज को नजदीक से समझने का मौका मिला, जिसने उनके भीतर देशसेवा का संकल्प और मजबूत कर दिया।
परिवार का साथ बना ताकत
सुप्रिया के अनुसार सेना में अधिकारी बनने का सपना उन्होंने बचपन से देखा था। इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता और भाई का निरंतर सहयोग रहा। उनके पिता वैदेही शरण सिंह श्रीनेत और माता संतोषी सिंह श्रीनेत ने हर चरण पर उनका हौसला बढ़ाया। परिवार की जड़ें मुंगेली जिले के टेढ़ाधौरा गांव से जुड़ी हैं, जबकि उनकी पढ़ाई-लिखाई बिलासपुर में हुई।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
सुप्रिया की सफलता से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अब वे प्रशिक्षण अकादमी में ट्रेनिंग पूरी कर एक अधिकारी के रूप में देशसेवा की जिम्मेदारी संभालेंगी। सुप्रिया की उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि समर्पण और मेहनत के दम पर छोटे गांवों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
































