छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार का सस्पेंस खत्म The Duniayadari – रायपुर- कई दिनों से जारी राजनीतिक अटकलों पर विराम लगाते हुए, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई वाली सरकार 20 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार करने जा रही है। इस दिन तीन नए विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। ये विधायक हैं –
- गजेंद्र यादव (दुर्ग)
- गुरु खुशवंत साहेब (आरंग)
- राजेश अग्रवाल (अंबिकापुर)
तीनों ने सोमवार रात मुख्यमंत्री से मुलाकात की, जिससे यह लगभग स्पष्ट हो गया कि इन्हें मंत्री बनाया जाएगा।
मंत्रिमंडल में अब 14 मंत्री
इस शपथ ग्रहण के साथ ही साय सरकार में कुल मंत्रियों की संख्या 14 हो जाएगी। हरियाणा की तर्ज पर 90 सदस्यीय विधानसभा वाले छत्तीसगढ़ में भी अब अधिकतम सीमा तक मंत्रियों की नियुक्ति की जा रही है।
अब तक राज्य में परंपरागत रूप से 13 मंत्री ही बनते आए हैं, लेकिन नियमों के अनुसार मुख्यमंत्री सहित 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
अमर अग्रवाल और राज्यपाल की मुलाकात बनी चर्चा का विषय
पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और राज्यपाल रमन डेका की मुलाकात ने भी सियासी हलकों में चर्चाओं को जन्म दिया। हालांकि अमर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह समय पहले से ही तय कर रखा था।
विदेश दौरे से पहले साय का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त से विदेश दौरे पर रवाना होंगे। माना जा रहा था कि उससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा — और वैसा ही हुआ। शपथ ग्रहण समारोह 20 अगस्त को आयोजित किया जाएगा, जबकि इससे ठीक पहले 19 अगस्त को कैबिनेट की अहम बैठक भी होगी।