The Duniyadari: रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में छत्तीसगढ़ के दो प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने ऑल इंडिया रैंक 283 हासिल की है, जबकि धमतरी जिले के परसवानी गांव के निवासी डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक प्राप्त की है।
दर्शना सिंह एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता अरुण सिंह राशन दुकान का संचालन करते हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह जनकपुर नगर पंचायत में भाजपा पार्षद हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दर्शना ने लगातार मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी की और यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है। रैंक के आधार पर उनके भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयन की संभावना जताई जा रही है।
वहीं धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव पहले से ही छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर यह पद हासिल किया था। अब यूपीएससी में 623वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने अपने करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ ली है।
दर्शना सिंह और डायमंड सिंह ध्रुव की इस सफलता पर प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है। दोनों की उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।
































