रशियन हॉस्टल पुल चोरी कांड में कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी जेल भेजे गए, कबाड़ माफिया पर शिकंजा

17

The Duniyadari : कोरबा। रशियन हॉस्टल के पास नहर और डेंगुरनाला पुल से लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पूर्व में 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आज 5 और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस तरह इस संगठित चोरी गिरोह के कुल 10 सदस्य अब तक जेल पहुंच चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा एवं चौकी सीएसईबी पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। आरोपियों द्वारा गैस कटर का उपयोग कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए लोहे की चोरी की जा रही थी, जिसे कबाड़ में खपाया जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया पूरा नेटवर्क

प्रकरण में दर्ज शिकायत के अनुसार 17 और 19 जनवरी की दरमियानी रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल एवं डेंगुरनाला पुल की लोहे की रेलिंग को काटकर चोरी किया गया था। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान फरार आरोपियों की पहचान कर मुखबिर सूचना के आधार पर उन्हें दबोच लिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में

  • रोहित कुमार भगत (33), निवासी रावतभाटा
  • राजेश कुमार उपाध्याय (48), निवासी अटल आवास
  • विक्की कुमार साह (24), निवासी रावतभाटा
  • मोहम्मद असलम (42), निवासी 15 ब्लॉक
  • मोहम्मद अब्दुल कादिर (19), निवासी 15 ब्लॉक
    साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार मोहम्मद असलम और मोहम्मद अब्दुल कादिर सहित अन्य आरोपियों के नाम नगर निगम क्षेत्र, कुसमुंडा और बालको थाना क्षेत्र में हुई पाइप कटिंग और चोरी की घटनाओं में भी सामने आए हैं, जिनकी अलग से जांच जारी है।

फरार आरोपियों पर इनाम, निगरानी शुरू

पुलिस ने फरार आरोपी मुकेश साहू और मोहम्मद असलम की गिरफ्तारी के लिए 5-5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। मुकेश साहू के विरुद्ध निगरानी भी खोली जा रही है।

अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ा एक्शन

इस पूरे प्रकरण के बाद कोरबा पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। कोरबा, कटघोरा और दर्री अनुभाग में अब तक 7 कबाड़ दुकानों और यार्ड को सील किया जा चुका है। इनमें सियाराम अग्रवाल के दो कबाड़ यार्ड, जाफर कबाड़ यार्ड, पिंटू गुप्ता कबाड़ यार्ड, झनू और सफीक की कबाड़ दुकानें शामिल हैं।

जांच के दौरान नगर निगम और तहसीलदार की टीम द्वारा दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और खरीदी-बिक्री के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पत्रकार को धमकाने पर भी कार्रवाई

कबाड़ कारोबार से जुड़ी खबरें प्रकाशित करने पर एक पत्रकार को धमकाने के मामले में भी सियाराम अग्रवाल के खिलाफ थाना सिविल लाइन में विधिवत कार्रवाई की गई है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति की चोरी या अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।