राजकिशोर नगर में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा संचालक समेत पांच युवक गिरफ्तार, तंबाकू फ्लेवर और नगदी जब्त

7

The Duniyadari: बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने राजकिशोर नगर इलाके में एक मकान में चल रहे अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान संचालक और मैनेजर सहित पांच युवकों को पकड़ा गया। मौके से हुक्का उपकरण, तंबाकू मिश्रित फ्लेवर और नकद राशि बरामद की गई।

पुलिस को 26 फरवरी की रात सूचना मिली थी कि आर्यन पब्लिक स्कूल के पास एक मकान में युवाओं को पैसे लेकर हुक्का पिलाया जा रहा है। बताया गया कि 500 रुपये प्रति घंटे की दर से तंबाकू युक्त फ्लेवर उपलब्ध कराया जा रहा था। सूचना के बाद टीम ने गवाहों की मौजूदगी में दबिश दी।

रेड के दौरान तीन युवक हुक्का पीते मिले, जबकि एक युवक मैनेजर के तौर पर व्यवस्था संभालता मिला। पूछताछ में खुलासा हुआ कि संचालक और मैनेजर मिलकर यह गतिविधि चला रहे थे। तलाशी में दो हुक्का पॉट, कोयला हीटर, फ्लेवर पैकेट, सिल्वर फॉयल, नोजल और अन्य सामग्री जब्त की गई। मैनेजर के पास से चार हजार रुपये नकद भी बरामद हुए।

जांच के दौरान संचालक और मैनेजर से वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके। इसके बाद सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को नोटिस देकर आगे की जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। मामले की विवेचना जारी है।