Tuesday, March 17, 2026
Home Breaking राजस्व बढ़ाने की तैयारी: छुट्टियों में भी खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय

राजस्व बढ़ाने की तैयारी: छुट्टियों में भी खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय

10

The Duniyadari: रायपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों में राजस्व संग्रह को बढ़ाने के लिए पंजीयन विभाग ने अहम फैसला लिया है। विभाग ने तय किया है कि मार्च के अंत में पड़ने वाले कुछ शासकीय अवकाश के दिनों में भी राज्य के पंजीयन कार्यालय खुले रखे जाएंगे, ताकि संपत्ति पंजीयन से जुड़े कार्य प्रभावित न हों।

कार्यालय महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक, रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष के आखिरी दिनों में पंजीयन कार्यों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में अधिक से अधिक दस्तावेजों का पंजीयन सुनिश्चित करने और राजस्व संग्रह को बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।

निर्देश के तहत इन अवकाश दिनों में भी पंजीयन कार्यालयों में सामान्य रूप से दस्तावेजों के पंजीयन का कार्य किया जाएगा। साथ ही 31 मार्च तक बैंकिंग लेनदेन निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि स्टाम्प शुल्क और पंजीयन से संबंधित राजस्व प्रक्रिया प्रभावित न हो।

इस संबंध में राज्य के सभी जिला कलेक्टरों, जिला पंजीयकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि निर्धारित दिनों में कार्यालयों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

जिन अवकाश दिनों में कार्यालय खुले रहेंगे, उनमें 22 मार्च (चौथा रविवार), 28 मार्च (अंतिम शनिवार), 29 मार्च (अंतिम रविवार) और 31 मार्च (महावीर जयंती) शामिल हैं। इन दिनों भी आम नागरिक अपने दस्तावेजों का पंजीयन करा सकेंगे।