Friday, March 13, 2026
Home रायपुर राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 में रिकॉर्ड उत्साह, 188 करोड़ की बुकिंग

राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 में रिकॉर्ड उत्साह, 188 करोड़ की बुकिंग

32

The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 नागरिकों के लिए एक बड़े अवसर की तरह साबित हुआ। प्रदेश भर से पहुंचे लोगों ने जिस उत्साह के साथ भागीदारी दिखाई, उससे पूरा मेला लगातार तीनों दिन चहल-पहल से भरा रहा। आयोजन के दौरान कुल 879 आवासों की बुकिंग हुई, जिसकी कुल राशि लगभग 188 करोड़ रुपये रही।

मेले में केवल भवन मूल्य का 1 प्रतिशत देकर बुकिंग, तुरंत बैंक लोन सुविधा और हर दिन होने वाले लकी ड्रॉ जैसे आकर्षक ऑफरों ने लोगों का ध्यान खींचा। पहले ही दिन से मेला भीड़ से भरा रहा और हजारों लोग विभिन्न आवासीय योजनाओं की जानकारी लेने तथा बुकिंग के लिए पहुंचे।

हाउसिंग बोर्ड ने घोषणा की है कि 26 नवंबर को भी स्पॉट बुकिंग जारी रहेगी, जबकि 30 नवंबर तक 1 प्रतिशत राशि में बुकिंग करने की सुविधा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने किया था मेले का शुभारंभ

मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। उन्होंने इसे पूरे छत्तीसगढ़ के आवासीय विकल्पों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की बड़ी पहल बताया। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर परिवार को अपना पक्का घर उपलब्ध कराना है।

शुभारंभ कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि आवास क्षेत्र में मुख्यमंत्री साय के कार्य निरंतर सराहनीय रहे हैं, और भविष्य में लोग उन्हें ‘आवास वाले बाबा’ के नाम से याद करेंगे।

हाउसिंग बोर्ड बना देश का एकमात्र ऋण-मुक्त बोर्ड

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चैंधरी ने बताया कि हाल के समय में हाउसिंग बोर्ड के लिए कई नीतिगत फैसले किए गए हैं। पिछले एक वर्ष में ही बोर्ड ने लगभग 700 करोड़ रुपये की संपत्ति बेची है, जो बीते पाँच वर्षों की तुलना में कई गुना अधिक है। उन्होंने यह भी बताया कि अब छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड देश का एकमात्र ऋण-मुक्त हाउसिंग बोर्ड बन चुका है।