Sunday, March 29, 2026
Home Breaking रामनवमी जुलूस में पथराव के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 आरोपी...

रामनवमी जुलूस में पथराव के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 आरोपी गिरफ्तार कर शहर में निकाली परेड

9

The Duniyadari: धनबाद। रामनवमी के दौरान बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में हुए पथराव मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें रस्सी से बांधकर शहर में पैदल घुमाते हुए परेड कराई। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

जानकारी के मुताबिक, जुलूस के दौरान अचानक हुए पथराव में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 40 से 50 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

ऋत्विक श्रीवास्तव, सिटी एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए इलाके में धारा 163 लागू कर दी गई है, जो अगले दो से तीन दिनों तक प्रभावी रहेगी।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद पुलिस बल की मदद से आरोपियों की पहचान की गई है। साथ ही जुलूस मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।