Thursday, March 26, 2026
Home Breaking रामनवमी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 16 वर्षीय किशोरी का बाल विवाह...

रामनवमी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 16 वर्षीय किशोरी का बाल विवाह रोका, परिजनों से लिया लिखित आश्वासन

3

The Duniyadari: रायगढ़-. रामनवमी के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की सक्रियता से एक नाबालिग किशोरी का विवाह होने से पहले ही रोक दिया गया। प्रशासन को सूचना मिली थी कि शहर के एक इलाके में 16 वर्षीय बालिका की शादी की तैयारी की जा रही है। जानकारी मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

बताया गया कि टीम के पहुंचने तक विवाह की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात रवाना होने की तैयारी चल रही थी। अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए शादी की प्रक्रिया रुकवाई और परिजनों से बालिका की उम्र से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।

दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि बालिका की उम्र 16 वर्ष 05 माह 13 दिन है, जो कानूनी विवाह योग्य आयु 18 वर्ष से कम है। इसके बाद अधिकारियों ने विवाह को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया और परिजनों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी।

यह कार्रवाई कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर की गई। उन्होंने पहले ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने परिवार को समझाइश दी और भविष्य में बालिका की 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले विवाह न करने का लिखित आश्वासन भी लिया।

इसके अलावा सामुदायिक भवन के संचालक को भी बुलाकर चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी शादी समारोह के लिए भवन उपलब्ध कराने से पहले वर-वधु के आयु प्रमाण पत्रों का सत्यापन अनिवार्य रूप से करें।

इस कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण अधिकारी, विधिक सह-परिवीक्षा अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम, पुलिस विभाग के कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या नजदीकी प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाई जा सके।