रायगढ़ से पहले आजाद हिंद एक्सप्रेस में धुआं फैलने से मची अफरा-तफरी

29

The Duniyadari : बिलासपुर:-रायगढ़ स्टेशन से पहले पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) के एक जनरल कोच में बुधवार रात धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर रेलखंड में उस समय हुई, जब ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी।

जानकारी के अनुसार, तीसरे जनरल कोच से अचानक धुआं निकलता देख यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। उस समय ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, लेकिन सभी ने संयम बनाए रखा और सुरक्षित तरीके से कोच से बाहर निकल गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन में मौजूद रेलवे स्टाफ, गार्ड और लोको पायलट ने तुरंत अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आग सीमित स्तर पर थी और समय रहते नियंत्रण में आ जाने से बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कोच के भीतर रखे कुछ कागजों में आग लगी थी। किसी तरह की तकनीकी या विद्युत खराबी के संकेत नहीं मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी यात्री द्वारा जलती बीड़ी या सिगरेट फेंकने से यह स्थिति बनी होगी।

स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को कुछ देर बाद रवाना किया गया। रायगढ़ स्टेशन पहुंचने पर संबंधित कोच की तकनीकी जांच की गई, जिसमें कोई खतरा नहीं पाया गया। सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से चलती ट्रेन में धूम्रपान न करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। इस घटना में कोई नुकसान न होने से यात्रियों और रेल अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।