The Duniyadari: सिलेंडर फटने से एक दुकान को भारी क्षति, लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान

रायपुर। राजधानी के राजेंद्र नगर इलाके में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चौपाटी की दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब पांच से छह दुकानें पूरी तरह जल गईं। इसी दौरान एक दुकान में रखा गैस सिलेंडर फटने से नुकसान और बढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दो फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। आग की चपेट में आने वाली दुकानें खानपान से जुड़ी थीं। दुकानों में रखा सामान जलने से कारोबारियों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है। स्थानीय जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया और दमकल की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।



















