रायपुर: झीरम घाटी बयान पर कांग्रेस की सख्त कार्रवाई, विकास तिवारी 6 साल के लिए पार्टी से बाहर

6

The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से जुड़ी एक अहम खबर राजधानी रायपुर से सामने आई है। झीरम घाटी हत्याकांड को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी पर पार्टी की कार्रवाई लगातार सख्त होती चली गई। पहले उन्हें प्रवक्ता पद से हटाया गया और अब कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विकास तिवारी को छह वर्षों के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। यह कार्रवाई उनके उस बयान के बाद हुई, जिसमें उन्होंने झीरम घाटी कांड के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री कवासी लखमा और तत्कालीन भाजपा प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा का नार्को टेस्ट कराए जाने की मांग की थी।

इस बयान से प्रदेश कांग्रेस में तीखी हलचल मच गई थी। मामले को गंभीर मानते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर विकास तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने नोटिस का जवाब भी दिया, लेकिन पार्टी नेतृत्व को उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं लगा।

अंततः छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू द्वारा आदेश जारी कर विकास तिवारी को छह साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया। इस फैसले को पार्टी अनुशासन से जोड़कर देखा जा रहा है और इसे संगठन में कड़ा संदेश माना जा रहा है।