Friday, March 20, 2026
Home छत्तीसगढ़ रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी लौह पुरुष सरदार पटेल...

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी लौह पुरुष सरदार पटेल को श्रद्धांजलि, ‘एकता दौड़’ में शामिल होकर दिया अखंड भारत का संदेश

57

The Duniyadari : रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता सेनानी नहीं थे, बल्कि वे ऐसे युगपुरुष थे जिन्होंने अपने अदम्य साहस और अटूट निष्ठा से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित ‘एकता दौड़’ (Run For Unity) में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को उनकी दूरदृष्टि और नेतृत्व क्षमता के कारण ही ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा जाता है। उनके प्रयास हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरे देश में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, और यही ‘विविधता में एकता’ की भावना हमारे देश को विशिष्ट बनाती है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह जोश सरदार पटेल के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।