The Duniyadari : रायपुर। राजधानी में अपराध पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के ठिकाने पर अचानक दबिश दी। क्राइम ब्रांच की करीब 20 सदस्यीय टीम ने घर को चारों ओर से घेर लिया, लेकिन कार्रवाई के दौरान रवि साहू पीछे के रास्ते से निकलकर भागने में कामयाब हो गया।
छापे के समय रवि घर में मौजूद था। पुलिस की हलचल की भनक लगते ही उसने छत के रास्ते पलायन कर लिया। हालांकि, उसके साथ मौजूद मोहम्मद रफीक को मौके से दबोच लिया गया। तलाशी में रफीक के बैग से सट्टा-पट्टी से जुड़े कागजात और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा घर से अवैध शराब और गांजा भी मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक रवि साहू पर अब तक करीब 79 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या, चाकूबाजी, तस्करी जैसे संगीन अपराधों का लंबा रिकॉर्ड है। वह कई बार जिला बदर भी किया जा चुका है, लेकिन जेल से बाहर आते ही दोबारा अवैध धंधों—खासकर गांजा, शराब और जुआ-सट्टा—में सक्रिय हो जाता है।
इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच ने मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया के ठिकाने पर भी दबिश दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि वह पिछले एक महीने से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं।
देर रात तक कोतवाली पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करती रही। इस दौरान कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए दबिशें लगातार जारी रहेंगी।
































