The Duniyadari: रायपुर, 11 मार्च। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक कॉलोनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रहने वाले एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि विपुल यादव मूल रूप से हरियाणा के निवासी थे और रायपुर में विधायक विश्राम गृह के बंगला नंबर 79 में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार को घर के अंदर उनका शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद तेलीबांधा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। घर के अंदर से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
चूंकि मामला एयरफोर्स के अधिकारी से जुड़ा है, इसलिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
































