Saturday, March 14, 2026
Home रायपुर रायपुर में चाकूबाजी से युवक की हत्या, कमिश्नरेट व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर में चाकूबाजी से युवक की हत्या, कमिश्नरेट व्यवस्था पर उठे सवाल

29

The Duniyadari: रायपुर, 30 जनवरी। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद हत्या की पहली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। समता कॉलोनी इलाके में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान दुर्गेश ध्रुव के रूप में हुई है, जो गुढ़ियारी का निवासी बताया जा रहा है। घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी विवाद के दौरान हमलावरों ने युवक पर लगातार चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के दावे किए जा रहे हैं। रात्री पैदल गश्त, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद इस तरह की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद समता कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।