The Duniyadari : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में गिरफ्तार राज्य प्रशासनिक सेवा की निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया को प्रवर्तन निदेशालय ने आज स्पेशल कोर्ट में पेश किया। ईडी ने अदालत से आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, ईडी ने मंगलवार को सौम्या चौरसिया को पूछताछ के लिए बुलाया था। घंटों चली पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने उन्हें हिरासत में ले लिया। एजेंसी का दावा है कि शराब घोटाले से जुड़े अहम तथ्यों और वित्तीय लेनदेन को लेकर उनसे और गहन पूछताछ जरूरी है।
गौरतलब है कि सौम्या चौरसिया पहले से ही कोयला घोटाले के मामले में प्रमुख आरोपियों में गिनी जाती रही हैं। इससे पहले मई माह में सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय शर्तों के तहत उन्हें अन्य आरोपियों के साथ अंतरिम राहत मिली थी, तब अदालत ने उन्हें राज्य से बाहर रहने का निर्देश भी दिया था।
अब एक बार फिर गिरफ्तारी के बाद यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। स्पेशल कोर्ट में पेशी के बाद ईडी की रिमांड अर्जी पर फैसला लिया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की जांच की दिशा तय होगी।
































