Monday, September 14, 2026
Home Breaking रायपुर से बस्तर तक अमित शाह का दौरा, डायल-112 को मिली नई...

रायपुर से बस्तर तक अमित शाह का दौरा, डायल-112 को मिली नई ताकत, नक्सल प्रभावित इलाकों में जनसुविधाओं पर फोकस

60

The Duniyadari: रायपुर- केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान राजधानी रायपुर में प्रदेश की आपातकालीन सेवा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस डायल-112 के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में त्वरित पुलिस सहायता और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यभर में शुरू की जा रही मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। प्रदेश के सभी 33 जिलों में इन यूनिट्स की शुरुआत की जा रही है, जिनमें आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से किसी भी घटना स्थल पर शुरुआती जांच तुरंत की जा सकेगी, जिससे अपराधों की जांच में तेजी आएगी और साक्ष्य सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह बस्तर दौरे पर रवाना होंगे। बस्तर पहुंचने के बाद वे सबसे पहले आदिवासी नायक गुंडाधुर के गांव नेतानार जाएंगे। यहां स्थित सीआरपीएफ कैंप को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्घाटन शाह करेंगे। इस केंद्र के जरिए स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र का नामकरण भी केंद्रीय गृहमंत्री के हाथों किया जाएगा।

दौरे के दौरान अमित शाह नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों, शहीद जवानों के परिजनों और क्षेत्र के समाज प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विकास और विश्वास निर्माण की दिशा में अहम संदेश देगा।