रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर

4

The Duniyadari: कोरबा, 01 मार्च । सर्वमंगला फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पार करते वक्त एक ट्रक चालक मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरमपुर निवासी युवक खदान से लगे मार्ग से ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के बाद वह पटरी के किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

फाटक पर तैनात गेटमैन ने स्थिति देखकर तुरंत सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया।

चौकी प्रभारी के अनुसार, दुर्घटना में युवक का दाहिना पैर कट गया है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला दुर्घटना का है या किसी अन्य कारण से वह ट्रेन की चपेट में आया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।