The Duniyadari: रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित एक कैफे में देर रात उस वक्त हंगामा मच गया जब युवतियों के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक कैफे की कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। मामला जीआरपी थाना रायपुर क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि 13 मार्च की रात करीब 12 बजे एक युवती अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के बाद रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कैफे में खाना खाने पहुंची थी। उनके साथ तीन युवतियां और दो युवक मौजूद थे। इसी दौरान कैफे में बैठे कुछ युवक कथित तौर पर नशे की हालत में युवतियों को देखकर फब्तियां कसने लगे।
आपत्तिजनक हरकतों से बढ़ा विवाद
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने युवतियों की ओर फ्लाइंग किस फेंके और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। शुरुआत में युवतियों ने माहौल बिगड़ने से बचने के लिए बात को नजरअंदाज किया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी युवक उनके टेबल के पास आकर बैठ गए और अभद्र व्यवहार करने लगे।
कुर्सियां उठाकर किया हमला
जब युवतियों के साथ आए युवकों ने इसका विरोध किया तो विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि आरोपियों ने कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही पलों में स्थिति बेकाबू हो गई और युवकों ने कैफे की कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान कैफे में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई।
दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत
घटना के बाद युवतियां और उनके साथी जीआरपी थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूसरे पक्ष के युवक सन्नी सूर्यवंशी ने भी अपने साथ मारपीट होने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ आरोपी युवक मौके से फरार हो गए थे। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।































