Saturday, March 28, 2026
Home कोरबा लखनलाल देवांगन 2 मार्च को कोरबा में 21.35 करोड़ के पुल और...

लखनलाल देवांगन 2 मार्च को कोरबा में 21.35 करोड़ के पुल और सड़क निर्माण कार्यों का करेंगे भूमिपूजन

31

The Duniyadari: कोरबा, 01 मार्च। छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, श्रम वाणिज्य मंत्री लखनलाल देवांगन 02 मार्च 2026 को कोरबा जिले में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे श्री अग्रसेन गौसेवा समिति, कनबेरी के समीप आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनमन योजना और मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत कुल 21.35 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से 8 वृहद पुलों और सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और बरसात के मौसम में होने वाली आवागमन बाधा से राहत मिलेगी।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत लगभग 20.92 करोड़ रुपये की लागत से कोरबा विकासखंड के विभिन्न मार्गों पर महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण किया जाएगा। इनमें लेमरू-देवपहरी मार्ग, डोकरमना मुख्य मार्ग, बगबुड़ा रोड, बताती-बांसाखार मार्ग तथा पतरापाली-धानकछार मार्ग पर स्थित गौमुखी, चिंगराडांड, गड़गड़ा, कोटगसरा और पेंसारी नाला पर वृहद पुल शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त पालीतानाखार विधानसभा क्षेत्र के पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग से जुड़े बहरीझरिया मार्ग पर कोठीझुंझा नाला में भी एक बड़े पुल का निर्माण किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 278.72 लाख रुपये है।

इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद जिले के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।