Friday, March 13, 2026
Home कोरबा लिंक एक्सप्रेस में सतर्क यात्रियों ने टाली बड़ी वारदात, बैग चुराकर भाग...

लिंक एक्सप्रेस में सतर्क यात्रियों ने टाली बड़ी वारदात, बैग चुराकर भाग रहा युवक पकड़ा गया

29

The Duniyadari :कोरबा। रेलवे स्टेशन कोरबा से लिंक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक यात्री का बैग चोरी कर फरार होने की कोशिश कर रहे युवक को सहयात्रियों की सजगता से पकड़ लिया गया। बाद में आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार बरमपुर निवासी विवेक कुमार पटेल लिंक एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। ट्रेन बिलासपुर पार कर बिल्हा स्टेशन के आसपास पहुंची ही थी कि तभी एक युवक अचानक उनका बैग उठाकर उतरने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान यात्रियों की नजर उस पर पड़ गई।

युवक ट्रेन से कूदने की फिराक में था, लेकिन आसपास मौजूद यात्रियों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे दबोच लिया। मामले की सूचना तत्काल ट्रेन में मौजूद टीटीई को दी गई, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट किया गया।

ट्रेन में सवार रामपुर निवासी रमेश वर्मा ने बताया कि आरोपी को भाठापारा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया। पीड़ित विवेक कुमार ने बताया कि उनके बैग में लैपटॉप सहित कई जरूरी सामान रखे थे।

घटना के बाद कुछ समय के लिए ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन आरोपी के पकड़े जाने से यात्रियों ने राहत की सांस ली।