Saturday, July 11, 2026
Home Breaking वन मंडल में दंतैल हाथी का आतंक, महुआ बीनने गए ग्रामीण की...

वन मंडल में दंतैल हाथी का आतंक, महुआ बीनने गए ग्रामीण की कुचलकर मौत

69

The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन मंडल में दंतैल हाथी ने एक ग्रामीण की जान ले ली। शुक्रवार तड़के उस समय यह दर्दनाक घटना हुई, जब गांव के अधिकांश लोग सो रहे थे और एक ग्रामीण महुआ बीनने के लिए जंगल गया हुआ था। हाथी के हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मरवाही वन परिक्षेत्र के सिवनी बीट अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंडी के डडिंया गांव निवासी 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे महुआ बीनने जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना एक अकेले दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह वही दंतैल हाथी है, जो 1 अप्रैल को कटघोरा के पसान क्षेत्र से निकला था। कुम्हारी रोड और सोन नदी पार करते हुए हाथी शुक्रवार सुबह डडिंयाडोंगरी के जंगलों तक पहुंच गया। वर्तमान में हाथी कक्ष क्रमांक 2093 के आसपास मौजूद बताया जा रहा है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही सिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान, पोंडी सरपंच हेमचंद मरावी और मरवाही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। क्षेत्र अनूपपुर जिला की सीमा से सटा होने के कारण सीमावर्ती गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि फिलहाल महुआ बीनने या लकड़ी लेने के लिए जंगलों की ओर न जाएं और विशेषकर रात व सुबह के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।