Saturday, March 28, 2026
Home कोरबा विधानसभा चुनाव : SP के निर्देश पर होटल, लॉज, ढाबा, रेलवे स्टेशन...

विधानसभा चुनाव : SP के निर्देश पर होटल, लॉज, ढाबा, रेलवे स्टेशन में पुलिस की छापामारी..कड़ाई से जांचा जा रहा रिकार्ड.. हाई अलर्ट पर हैं ये लोग…

233

कोरबा। विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए जिले में शांति व कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी जितेंद्र शुक्ला के निर्देश पर कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से लगातार लोगों को सतर्क किया जा रहा है। सीएसपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में आज अभियान चलाकर अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों की सघन तलाश की जा रही है।

पुलिस ने विधानसभा चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के अप्रिय घटनाओं पर कड़ाई से अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में अपने सूत्रों को हाई अलर्ट पर रखा है ताकि अविराम कानून व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

एसपी जितेंद्र शुक्ला ने विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए संदिग्ध लोगों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने को कहा  है। उनके निर्देश के बाद आज सीएसपी के नेतृत्व में थाना चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। जगह-जगह चेकिंग पॉइंट तैयार कर वाहनों की जांच की जा रही है।

पुलिस से बचने असामाजिक तत्व होटल और ढाबों में शरण ले सकते हैं। वे मौका मिलने पर किसी अप्रिय वारदात को अंजाम देकर फरार हो सकते हैं। इसे देखते हुए अब पुलिस ने होटलों व ढाबों की सघन जांच शुरू की है।

इस अभियान की शुरुआत नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का और नगर कोतवाल रूपक शर्मा की टीम ने शहर में स्थित होटल ढाबों से की है। सीएसपी श्री एक्का और निरीक्षक श्री शर्मा ने शुक्रवार की शाम शहर के अलग-अलग क्षेत्र में स्थित होटल व ढाबों में अपनी टीम के साथ छापामारी की।

अफसरों ने होटल और ढाबों के काउंटर में रखे रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच की और साथ ही संचालकों से जानकारी ली। संचालकों को स्पष्ट कड़े शब्दों में निर्देश दिया गया कि वे किसी भी व्यक्ति को आधार कार्ड सहित जरूरी पहचान पत्र दिखाने पर ही कमरा उपलब्ध कराएं। होटल में ठहरने वाले लोगों के संबंध में सभी जानकारियां अपने रजिस्टर में दर्ज करें। जांच के दौरान होटल में ठहरे लोगों के संदिग्ध प्रतीत होने पर पूछताछ भी की गई। पुलिस के एकाएक शुरू किए गए इस अभियान से बेसिक पुलिसिंग मजबूत होने की संभावना है।