Sunday, July 12, 2026
Home Breaking विश्वविद्यालय की कार खरीदी पर ऑडिट की आपत्ति, लाखों के खर्च पर...

विश्वविद्यालय की कार खरीदी पर ऑडिट की आपत्ति, लाखों के खर्च पर उठे सवाल

4

The Duniyadari: दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में करीब 18.88 लाख रुपये की कार खरीदी को लेकर राज्य संपरीक्षा (ऑडिट) ने गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा किया है। ऑडिट रिपोर्ट में वाहन खरीद प्रक्रिया में वित्तीय नियमों के उल्लंघन, आवश्यक अनुमतियां नहीं लेने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने जैसी कई खामियां बताई गई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, वाहन खरीदी से पहले वित्त विभाग और संबंधित सक्षम प्राधिकारी से जरूरी स्वीकृति नहीं ली गई। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि वाहन किस उद्देश्य या किस अधिकारी के उपयोग के लिए खरीदा गया। ऑडिट में यह भी उल्लेख है कि निर्धारित वित्तीय सीमा से कहीं अधिक राशि खर्च की गई।

संपरीक्षा दल ने यह भी पाया कि खरीदी प्रक्रिया में खुली निविदा और क्रय समिति की अनुशंसा जैसी अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। इसके अलावा रद्दी सामग्री की बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग सीधे वाहन खरीद में किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है।

ऑडिट रिपोर्ट में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए अनियमित खर्च की राशि की वसूली की अनुशंसा की गई है। वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मामले को पूर्व कुलपति के कार्यकाल से जुड़ा बताते हुए फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।