Thursday, March 12, 2026
Home जांजगीर-चांपा वीडियो कॉल पर बात करते हुए 12वीं की छात्रा ने दी जान,...

वीडियो कॉल पर बात करते हुए 12वीं की छात्रा ने दी जान, गांव में पसरा मातम

23

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा रजनी प्रधान ने कथित रूप से अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

घर में अकेली थी छात्रा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्षनपुर गांव निवासी रजनी के माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। दोपहर के समय जब वे लौटे तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो बेटी का शव पंखे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पड़ोसियों को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस को खबर पहुंचाई गई।

प्रेमी ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त छात्रा अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी स्वयं युवक ने थाने पहुंचकर दी। आशंका जताई जा रही है कि दोपहर 2 से 3 बजे के बीच छात्रा ने यह कदम उठाया।

मोबाइल जब्त, कॉल डिटेल की जांच

मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के तहत छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले किन-किन लोगों से बातचीत हुई और किन परिस्थितियों में यह दुखद कदम उठाया गया।

हर पहलू से हो रही जांच

ग्रामीणों के मुताबिक, रजनी पढ़ाई में सामान्य थी और उसका व्यवहार मिलनसार था। वह किसी स्पष्ट तनाव में दिखाई नहीं देती थी। अचानक हुई इस घटना ने गांव को स्तब्ध कर दिया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंध, पढ़ाई का दबाव या अन्य मानसिक कारणों सहित सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।