Thursday, July 2, 2026
Home Breaking शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, एक रात में...

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, एक रात में 39 चालक धराए

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur- राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर कमिश्नरेट रायपुर यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। बुधवार (1 जुलाई) रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस की यह कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच में 27 कार चालक, 3 पिकअप चालक, 7 ट्रक/मेटाडोर चालक और 2 दोपहिया चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब के प्रभाव में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता, संतुलन और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे सड़क हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी वजह से ऐसे मामलों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक 3,633 वाहन चालकों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना भी है।

पुलिस ने कहा कि आने वाले दिनों में भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में औचक जांच अभियान जारी रहेंगे। इसके लिए विशेष टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्होंने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया है तो वाहन चलाने से बचें। ऐसी स्थिति में सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी या परिजनों की सहायता लें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा तभी सुनिश्चित होगी, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करेगा।