The Duniyadari: कोरबा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर में सुरक्षा मजबूत करने के लिए पुलिस एवं यातायात विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष पेट्रोलिंग अभियान चलाया। यह अभियान ट्रांसपोर्ट नगर से पॉम मॉल क्षेत्र तक संचालित किया गया, जहां वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मौजूद रहकर व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने टीम का नेतृत्व करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उनके साथ सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल, परमेश्वर राठौर, सीएसईबी चौकी प्रभारी भीम सेन यादव और एएसआई मनोज राठौर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। टीम ने प्रमुख सड़कों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी।
पेट्रोलिंग के दौरान कई वाहनों की जांच की गई और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी देकर जागरूक किया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने, जरूरी दस्तावेज साथ न रखने और संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को सुदृढ़ करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
































