The Duniyadari: Dhamtari– जिले के कुरुद और भखारा थाना क्षेत्र स्थित शीतला मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की विशेष समीक्षा बैठक बुलाई, जिसमें चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलेभर के थाना और चौकी प्रभारियों को धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसपी ने मंदिरों सहित अन्य सार्वजनिक धार्मिक स्थलों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। साथ ही चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में पहले शामिल रह चुके आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को निगरानी बदमाशों का सत्यापन करने तथा जिनके फिंगरप्रिंट पहले दर्ज नहीं हुए हैं, उनके फिंगरप्रिंट लेने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा मंदिर समितियों, पुजारियों, ग्राम कोटवारों और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को जनसहयोग आधारित बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में संवेदनशील मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए। आम लोगों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
एसपी ने साइबर सेल और एफएसएल टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज करने के निर्देश देते हुए संदिग्ध मोबाइल नंबरों, गतिविधियों और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगालने को कहा। वहीं सीमावर्ती इलाकों और संदिग्ध आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आमजन में विश्वास का माहौल कायम रखा जाएगा।















