The Duniyadari : दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र से घरेलू चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां घर में काम करने वाली महिला ने ही विश्वास तोड़ते हुए लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। मामले में दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस के अनुसार, पद्मनाभपुर निवासी राहुल जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने और हीरे के आभूषण गायब हो गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। शिकायत मिलते ही थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से संदेह के दायरे में आई घरेलू सहायिका कविता देशलहरे को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरी की बात स्वीकार करते हुए गहनों को छिपाकर रखने की जानकारी भी दी।
पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से बड़ी मात्रा में सोने-हीरे और चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनमें हीरे जड़ी सोने की चेन, मंगलसूत्र, नेकलेस, झुमके, चांदी का करधन, पायल और बिछिया शामिल हैं। सभी जेवरात को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
आरोपी कविता देशलहरे (36 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार लहरें और उनकी टीम की भूमिका को सराहा जा रहा है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू कामगार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





























