The Duniyadari: कटघोरा/छुरीकला। नगर पंचायत छुरीकला में अटल परिसर निर्माण और प्रतिमा स्थापना का काम पूरा करने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से परेशान ठेकेदार ने आखिरकार आमरण अनशन का रास्ता अपनाया। ठेकेदार अनिल अग्रवाल 10 फरवरी से अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गए, जिससे नगर प्रशासन में हलचल मच गई।
अनशन शुरू होते ही विभाग सक्रिय हुआ। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पत्र जारी कर 11 फरवरी को पूरा बकाया भुगतान करने का भरोसा दिया और ठेकेदार से अनशन खत्म करने का आग्रह किया। पत्र के अनुसार, उपअभियंता द्वारा प्रस्तुत बिल के आधार पर लेखा परीक्षण के बाद उसी दिन कार्यालय समय में भुगतान किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2024 में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से अटल परिसर निर्माण और मूर्ति स्थापना का काम अग्रवाल एजेंसी, कटघोरा को सौंपा गया था। एजेंसी ने तय समय में काम पूरा कर परिसर प्रशासन को सौंप दिया। लोकार्पण के छह महीने बाद भी ठेकेदार को केवल 40 प्रतिशत राशि मिली, जबकि करीब 12 लाख रुपये अब तक बकाया हैं।
भुगतान के लिए ठेकेदार ने कई बार संबंधित दफ्तरों से संपर्क किया, लेकिन समाधान नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने 9 फरवरी तक भुगतान नहीं होने पर अनशन की चेतावनी दी थी और तय कार्यक्रम के अनुसार 10 फरवरी से धरने पर बैठ गए।
अब लोगों के बीच यह चर्चा है कि जब भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जानी थी, तो मामला अनशन तक क्यों पहुंचा। फिलहाल सबकी निगाहें 11 फरवरी पर टिकी हैं कि प्रशासन अपने वादे के अनुसार बकाया राशि जारी करता है या विवाद आगे बढ़ता है।































