The Duniyadari : सक्ती। जिले के आरकेएम पॉवर प्लांट में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मरम्मत कार्य के दौरान ऊंचाई से लिफ्ट टूटकर नीचे गिरने से चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना को लेकर पुलिस ने गंभीर लापरवाही मानते हुए प्लांट के मालिक समेत प्रबंधन के आठ अधिकारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। डभरा एसडीएम को 30 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें हादसे के कारणों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट की जाएगी।
पुलिस ने जिन अधिकारियों पर मामला दर्ज किया है, उनमें कंपनी के ओनर/डायरेक्टर डॉ. अंडल अरमुगम, डायरेक्टर टीएम सिंगरवेल, प्लांट हेड एवं एडिशनल डायरेक्टर, फैक्ट्री मैनेजर सम्मुख राव, बॉयलर-टर्बाइन मेंटेनेंस हेड कमलेश कुमार अग्रवाल, सेफ्टी ऑफिसर मनोज राउत, पी एंड एम अधिकारी वेसलीमणि, लिफ्ट इंजीनियर कृष्णा गौरव सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी शामिल हैं।
































