Monday, April 27, 2026
Home कोरबा समय-सीमा बैठक में प्रशासनिक कसावट पर कलेक्टर का फोकस, योजनाओं की रफ्तार...

समय-सीमा बैठक में प्रशासनिक कसावट पर कलेक्टर का फोकस, योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश

52

The Duniyadari :

समय-सीमा बैठक में प्रशासनिक कसावट पर कलेक्टर का फोकस, योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश

जिले में आमजन से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शासन की प्रमुख योजनाओं, विभागों में लंबित मामलों और चल रहे कार्यों की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी जनकल्याणकारी कार्यक्रम तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचे।

उपस्थिति व्यवस्था में सख्ती

बैठक में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यसंस्कृति में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था जरूरी है। इसे जल्द ही खंड स्तर के कार्यालयों तक विस्तार देने और तकनीकी दिक्कतों के समाधान के लिए एनआईसी से समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर चर्चा

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने, लंबित प्रकरणों के निराकरण और वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं “सियान जतन” पहल के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बाल संरक्षण और शिक्षा पर विशेष ध्यान

बाल संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने आवश्यक सुधारों पर जोर दिया। बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने सहित अन्य सुरक्षा उपायों के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को स्कूली बच्चों के अपार आईडी निर्माण में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।

वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर ने समाप्त योजनाओं से जुड़े बैंक खातों को नियमानुसार बंद करने पर जोर दिया। कोषालय अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय कर प्रक्रिया पूरी करने और माह के अंत तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जनशिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर

प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन, मानव अधिकार आयोग और कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।