Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा सर्वे कार्य में लापरवाही पर एक राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को...

सर्वे कार्य में लापरवाही पर एक राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को नोटिस, मासिक समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

11

The Duniyadari: कोरबा। जिला कार्यालय में राजस्व विभाग के कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण (आईएएस) ने की। इस दौरान अपर कलेक्टर ओंकार यादव और प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख टी.आर. भारद्वाज भी मौजूद रहे। बैठक में जिले में चल रहे मसाहती सर्वे सहित अन्य राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले के 113 मसाहती ग्रामों में सर्वेक्षण कार्य संचालित है। इनमें से 8 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन और 12 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन पूरा हो चुका है, जबकि अन्य गांवों में सर्वे कार्य जारी है। अधिकारियों ने राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को ग्रामवार खसरा सत्यापन, प्रारंभिक और अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया तय समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि मसाहती सर्वे की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा कलेक्टर स्तर पर की जाएगी। जिन क्षेत्रों में कार्य की रफ्तार संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां एक राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इसके अलावा रबी फसल सर्वेक्षण, सातवीं लघु सिंचाई संगणना, डिजिटल किसान किताब, सीमांकन, वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा नामांतरण, स्वामित्व योजना तथा नक्शा बटांकन जैसे कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।