Saturday, July 4, 2026
Home Breaking सहकारी समिति तिलकेजा का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सहकारी समिति तिलकेजा का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

14

The Duniyadari: *खाद-बीज की उपलब्धता का लिया जायजा, किसानों से किया संवाद*

कोरबा, 04 जुलाई 2026/

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने 03 जुलाई को करतला विकासखंड अंतर्गत सहकारी समिति तिलकेजा का निरीक्षण कर किसानों के लिए उपलब्ध खाद-बीज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने समिति प्रबंधक से खाद एवं बीज की उपलब्धता, नैनो उर्वरकों के वितरण तथा समिति से जुड़े किसानों की संख्या की जानकारी ली। साथ ही आवश्यक कृषि आदानों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने समिति में उपस्थित किसानों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से खाद-बीज वितरण में किसी प्रकार की समस्या के संबंध में पूछा, जिस पर किसानों ने बताया कि उन्हें बिना किसी परेशानी के समय पर खाद-बीज एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो रही है। कलेक्टर ने किसानों से शासन की कृषि योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का भी आग्रह किया।

इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समिति परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने आंवला का पौधारोपण किया।

इस दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, एसडीएम सरोज महिलांगे, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।