The Duniyadari: दुर्ग- राज्य शासन के निर्देश पर चल रहे 15 दिवसीय सघन जांच अभियान के तहत सोमवार को दुर्ग जिले में औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। ‘सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम पर 11 मई तक चलने वाले इस अभियान के तीसरे चरण में स्वापक एवं मनःप्रभावी औषधियों की जांच की जा रही है।
औषधि निरीक्षकों की टीम ने आज जिले की 6 फुटकर दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच में मेसर्स जलाराम मेडिकोज शंकर नगर दुर्ग, मेसर्स जलाराम मेडिकल मोतिपारा दुर्ग, मेसर्स अमित मेडिकल रेल्वे स्टेशन रोड, मेसर्स श्री राम मेडिकल उतई, मेसर्स महिमा मेडिकल उतई और मेसर्स मेडप्लस फार्मेसी सुपेला भिलाई शामिल रहीं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने क्रय-विक्रय के दस्तावेजों का मिलान किया और स्वापक व मनःप्रभावी दवाओं के स्टॉक की बारीकी से जांच की। 6 में से 3 फर्मों में अनियमितता पाई गई। इन तीनों दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी मेडिकल संचालकों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और नियम 1945 का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने साफ कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी ताकि नशीली दवाओं का गलत इस्तेमाल रोका जा सके।















