Saturday, March 14, 2026
Home Breaking KORBA: सिग्नल चूक से मेमू ट्रेन गलत रूट पर पहुंची, बड़ा हादसा...

KORBA: सिग्नल चूक से मेमू ट्रेन गलत रूट पर पहुंची, बड़ा हादसा टल गया

106

The Duniyadari: कोरबा, बिलासपुर से यात्रियों को लेकर आ रही मेमू ट्रेन शनिवार को कोरबा से रवाना होकर गेवरा रोड स्टेशन की बजाय एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र की न्यू कुसमुंडा रेलवे साइडिंग में जा पहुंची। यह तो अच्छा हुआ कि लोको पायलट सतर्क था और उसने मेमू सवारी गाड़ी को सही समय पर रोक लिया।

इस बीच यात्री भी सहम से गए। रेल प्रबंधन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि सिग्नल देने में चूक के कारण ऐसा हुआ है। हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह दस बजे की मेमू लोकल बिलासपुर से छूटकर सुबह करीब साढ़े 11 बजे कोरबा पहुंचती है और कोरबा से गेवरा के लिए रवाना होती। यही ट्रेन गेवरा से एक बजकर दस मिनट पर छूटकर कोरबा आती है और कोरबा से दोपहर डेढ़ बजे बिलासपुर के लिए रवाना होती है। शनिवार की सुबह जब यह ट्रेन कोरबा से गेवरारोड रेलवे स्टेशन के लिए निकली, तो गेवरा स्टेशन की बजाय कमका साइडिंग (न्यू कुसमुंडा कोल लोडिंग प्वाइंट) में घुस गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और संबंधित सिग्नलिंग स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।