सिम्स अस्पताल परिसर में सक्रिय बाइक चोर गिरोह पकड़ा, 5 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

5

The Duniyadari: बिलासपुर, 14 फरवरी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सिम्स अस्पताल परिसर में हो रही लगातार दोपहिया चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है, जबकि चोरी का वाहन खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल परिसर से लगातार वाहन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद अलग-अलग मामलों में जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिटी कोतवाली, सरकंडा थाना और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

वाहन चेकिंग के दौरान सरकंडा क्षेत्र में दो नाबालिग एक संदिग्ध एक्टिवा चलाते पकड़े गए। डिजिटल जांच में वाहन चोरी का निकला, जिसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने सिम्स अस्पताल परिसर से कई बाइक चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक्टिवा, पल्सर, एचएफ डीलक्स, पैशन प्रो समेत कुल पांच चोरी के वाहन जब्त किए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने एक बाइक को कम कीमत पर एक व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस ने खरीददार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।