Tuesday, March 10, 2026
Home छत्तीसगढ़ सीजी: आज भटगांव विधानसभा के कुदरगढ़ में उतरेगा सीएम भूपेश बघेल का...

सीजी: आज भटगांव विधानसभा के कुदरगढ़ में उतरेगा सीएम भूपेश बघेल का उड़नखटोला, अफसरों की सांसें अटकीं

397

अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को भटगांव विधानसभा के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से सबसे पहले ओड़गी विकासखंड के कुदरगढ़ पहुंचेंगे। सरगुजा अंचल की आराध्य मां कुदरगढ़ी धाम में पूजा अर्चना के साथ जन चौपाल लगाकर वे लोगों से चर्चा भी करेंगे। कुदरगढ़ के बाद मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश की सीमा से लगे दूरस्थ ग्राम बिहारपुर जाएंगे।

दोपहर का भोजन भी मुख्यमंत्री बिहारपुर में ही करेंगे यहां से वे सीधे जिला मुख्यालय अंबिकापुर से लगभग 12 किलोमीटर दूर सूरजपुर जिले के ग्राम लटोरी पहुंचेंगे। लटोरी में भी जनचौपाल का आयोजन किया गया है। लटोरी के बाद मुख्यमंत्री सीधे भटगांव जाएंगे। भटगांव कोयला खदान के लिए जाना जाता है। यहां एसईसीएल के महाप्रबंधक का कार्यालय भी है। भटगांव में रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री रविवार को सूरजपुर विधानसभा के दौरे पर रहेंगे।

शुरुआती तीन दिन के दौरे पर जिस तरीके से मुख्यमंत्री ने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर कार्रवाई की है उससे भटगांव विधानसभा क्षेत्र के अधिकारी, कर्मचारी की सकते में हैं। बिहारपुर क्षेत्र में भी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही की शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष आने की पूरी संभावना है।