रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की चार विभागों की संयुक्त टीम ने बुधवार को कोल माफिया पर बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम में खनिज, राजस्व, पर्यावरण और जीएसटी विभाग के अफसर शामिल हैं। टीम ने आज को रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर में ताबडतोड़ छापेमारी की है। इससे कोल माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि कोल माफिया के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर बुधवार को राज्य सरकार की विशेष टीमों ने एक साथ ताड़ततोड़ छापेमारी शुरू की। बिलासपुर में कोल वॉशरियों व कोल डिपो की जांच के लिए खनिज विभाग द्वारा गठित राज्य स्तरीय टीम व पर्यावरण विभाग, जीएसटी विभाग के अफसर शामिल हैं।
पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा गतौरा और हिंडाडीह स्थित हिन्द एनर्जी, हिंद मल्टी एवं क्लीन कोल वॉशरियों एवं गतौरी स्थित सत्या पावर कोल वॉशरी, फील वॉशरी में कोल स्टॉक, कोल आवक-जावक एवं पर्यावरण नियमों का पालन इत्यादि की जांच की जा रही है। राज्य स्तरीय टीम द्वारा सभी कोल वॉशरी और डिपो की जांच की जाएगी।































