The Duniyadari: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय हंगामे में बदल गया, जब मंचीय आयोजन के दौरान अचानक एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में ग्राम सरपंच मानिकलाल वर्मा घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है, जबकि घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधन चल रहा था। इसी बीच गांव का रहने वाला जितेन्द्र यादव (36) अचानक आक्रामक हो गया और सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घायल सरपंच को प्राथमिक उपचार दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रदेशभर में इन दिनों सुशासन तिहार 2026 के तहत समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण का दावा कर रहा है। लेकिन डोंगरगढ़ क्षेत्र में इस दौरान लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। इससे पहले पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों का घेराव कर घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया था।















